Follow Us:

शिमला में युकां की आक्रोश रैली, राजभवन के बाहर फूंका पुतला

➤ युवा कांग्रेस ने शिमला में राजीव भवन से राजभवन तक आक्रोश रैली निकाली
➤ प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
➤ युकां अध्यक्ष ने राज्यपाल व भाजपा पर फर्जी वोट बनाने के गंभीर आरोप लगाए


राजधानी शिमला में गुरुवार को युवा कांग्रेस (युकां) कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत व्यापक आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से राजभवन की ओर बढ़ी, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया और जोरदार नारेबाजी की।

राजभवन के बाहर वोटर चोर गद्दी छोड़ अभियान के दौरान पीएम का पुतला जलाते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।

पुलिस ने जब पुतले में लगी आग बुझाने का प्रयास किया तो युकां कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इससे पहले, प्रदर्शनकारी जब गवर्नर हाउस गेट की ओर बढ़े तो पुलिस जवानों ने उन्हें रोक दिया, जिसके चलते मौके पर तनाव बढ़ गया।

प्रदर्शन के दौरान युकां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) के खिलाफ नारेबाजी की। युकां अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने राज्यपाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने हिमाचल यूनिवर्सिटी, नौणी और पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में हमेशा “आरएसएस से जुड़े लोगों को बढ़ावा दिया है।”

राजभवन के बाहर प्रदर्शन करते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।

युकां अध्यक्ष ने भाजपा पर फर्जी वोट बनाने के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बेटी का दो अलग-अलग स्थानों पर वोट दर्ज है—एक सोलन में, दूसरा नाहन में। उन्होंने कहा कि जब भाजपा नेता ऐसा कर सकते हैं तो अन्य लोग क्यों न करें।

उन्होंने घोषणा की कि इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के निर्देशानुसार यह ‘वोट चोरी विरोध अभियान’ अब बूथ लेवल तक ले जाया जाएगा।