Follow Us:

महाराष्ट्र में इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

महाराष्ट्र के भिवंडी में एक चार मंजिला इमारत गिरने का मामला सामने आया है। यहां भिवंडी में इमारत गिर गई जहां बचाव अभियान जारी है। इस हादसे में अबतक 2 लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान सिराज अहमद अंसारी 27 साल और आकिब अंसारी 22 साल के रूप में हुई है। वहीं, घायल होने वाले लोगों में अब्दुल अजीज सैयद मुलानी, जावेद सलीम शेख, नरेंद्र बावने, देवीदास वाघ और सूफियान अब्दुल हसन के रुप में हुई है। इन सभी घायलों को भिवंडी के इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

आज तड़के मुंबई के पास भिवंडी में एक इमारत ढहने की घटना सामने आई। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के आयुक्त अशोक रांखम के मुताबिक यह इमारत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी और जब यह हादसा हुआ तब इसे खाली किया जा रहा था। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के आयुक्त से कहा कि लोगों ने हमें सूचित किया था कि इमारत गिर सकती है। लोगों ने इमारत को खाली कर दिया, लेकिन तब कुछ लोग अपना सामान लेने के लिए अंदर गए। इस बीच, इमारत गिर गई। यह 8 साल पुरानी इमारत है और ये अवैध रूप से बनाई गई थी। इसकी जांच की जाएगी।

आपदा प्रबंधन अधिकारी संतोष कदम ने बताया कि दमकल विभाग और एनडीआरएफ के कर्मी मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए एक अभियान चला रहे थे। मलबे में अभी भी 10 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है।