Follow Us:

उत्तर प्रदेश में ठंड से 68 लोगों की मौत, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

उत्तर प्रदेश के कई इलाको में ठंड का प्रकोप जारी है। कड़ाके की ठंड में दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में ज्यादातर जगहों पर तापमान शून्य से तीन डिग्री के आसपास दर्ज़ किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण सर्दी को लेकर चेतावनी जारी की गई। मौसम विभाग ने रविवार को आठ राज्यों में रेड अलर्ट जारी कर दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश में ठंड से 68 लोगों की मौत हुई है।

घने कोहरे के चलते उत्तरी रेलवे की 30 ट्रेनें  देरी से चल रही हैं। कोहरे का सितम विमानों पर भी देखा जा रहा है, तीन फ्लाइट्स को दिल्ली से दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। लेकिन अभी तक किसी फ्लाइट्स को रद्द नहीं किया गया है। दिल्ली हवाईअड्डे पर कोहरे के चलते सामान्य परिचालन प्रभावित हुआ है।

इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज भी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 31 दिसंबर को हवा की रफ्तार बढ़ेगी। नए साल में 1 से 3 जनवरी के दौरान रात के वक्त हल्की बारिश होगी। दो जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में ओले पड़ सकते है। कोहरे का प्रभाव लगातार कुछ दिन बने रहने का अनुमान है।