Follow Us:

71वां गणतंत्र दिवस आज, राष्ट्रपति राजपथ पर फहराएंगे तिरंगा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

देश आज 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 10 बजे परेड़ शुरु होगी। नई दिल्ली के राजपथ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परेड की सलामी लेंगे। राष्ट्रपति राजपथ पर तिरंगा भी फहराएंगे। इस समारोह में भारत की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के साथ-साथ दुनिया में बढ़ती सैन्य ताकत का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा।

गणतंत्र दिवस समारोह में ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोल्सुनारो मुख्य अतिथि हैं। राष्ट्रपति भवन में शनिवार राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो का रस्मी स्वागत किया गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह राष्ट्रपति भवन में बोल्सोनारो की अगवानी की थी। ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के 16 राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और 6 मंत्रालय परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं, साथ ही राजपथ पर दिल्ली पुलिस ड्रोन के जरिए नजर बनाए रहेगी।