Follow Us:

हरियाणा: बस में लगी भीषण आग, 2 की मौत-12 घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पिपली के पास आज तड़के करीब 4 बजे एक प्राइवेट टूरिस्‍ट बस नंबर (UP-17AT-4406) के पलटने के बाद उसमें आग लग गई। बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। इसमें एक वृद्ध महिला जिंदा जल गई और एक युवक की कुचलने के कारण मौत हो गई जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल यात्रियों को कुरुक्षेत्र के सिविल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें 4 यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उनको चंडीगढ़ पीजीआई ले जाया गया है। बस में करीब 55 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, एक निजी वेल्‍वो बस दिल्‍ली से जम्‍मू जा रही थी। तड़के करीब चार बजे बस जीटी रोड पर पिपली के पास पहुंची तो ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर जीटी रोड के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। यात्री जब तक संभल पाते बस में आग लग गई।

चंद ही पलों में आग पूरी बस में फैल गई। बस में सवार यात्री किसी तरह बाहर निकले, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए। कई लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। आग लगने से सवारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में शीशे तोड़ कर सवारियों को बस से बाहर निकाला गया। बस के अंदर सवारियों का रखा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने भी घटना की सूचना मिलते ही मौके मुआयना किया और सिविल अस्पताल मे‌ सवारियों से घटना की जानकारी ली।