Follow Us:

पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजने का खुलासा, पठानकोट से जासूस गिरफ्तार

डेस्क |

पठानकोट पुलिस ने खुफिया जानकारियां पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जगदीश सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव फत्तोचक नरोट जयमल सिंह के तौर पर हुई है।

थाना नरोट जैमल सिंह में दर्ज किए गए मामले में सामने आया है कि आरोपी भारत-पाक सीमा के पास पड़ते गांव का रहने वाला है और यह अक्सर अपने मोबाइल से पाकिस्तान के कुछ नंबरों पर फोन करता था। इसके अलावा उक्त व्यक्ति अपने अन्य साथियों के साथ सोशल मीडिया के जरिये भारत की खुफिया जानकारियां पाकिस्तान में बैठे लोगों के साथ शेयर करता था।

आरोपी की ओर से देश की सुरक्षा और अखंडता को ताक पर रखा गया और दुश्मन देश को ऐसी जानकारियां भेजी गई जो कि वह भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस को इस व्यक्ति के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना नरोट जयमल सिंह में ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट की धारा 3, 4 आईपीसी की धारा 414 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पुलिस की ओर से पूछताछ की जा रही है।