Follow Us:

महाकुंभ में महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर हमला, चाकू से किए वार

|

Mahakumbh 2025 Attack: महाकुंभ 2025 में गुरुवार रात किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर जानलेवा हमला हुआ। कुछ लोगों ने आशीर्वाद के बहाने उनकी कार रुकवाई और चाकू से वार कर दिया। उनके तीन शिष्यों पर भी हमला किया गया। सभी को महाकुंभ के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी परमानंद महाराज की तबीयत गुरुवार को अचानक बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें महाकुंभ के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर SRN हॉस्पिटल ले जाया गया। गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली स्थित AIIMS रेफर कर दिया गया।

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ जारी, संगम स्टेशन बंद


आज महाकुंभ का 33वां दिन है। अब तक 49.14 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने संगम स्टेशन आज भी बंद रखने का फैसला लिया है। साथ ही, प्रयागराज में 8वीं तक के स्कूल आज और कल बंद रहेंगे, हालांकि ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।

4 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाएंगे, आज से संगीत कार्यक्रम शुरू


महाकुंभ में 14 से 17 फरवरी तक चार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाएंगे। संगम तट पर गंगा पंडाल में आज से भव्य संगीत कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसमें बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर, मोहित चौहान, कविता सेठ, नवदीप वडाली सहित कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।

महाकुंभ में आज का कार्यक्रम


  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दोपहर 2 बजे संगम स्नान करेंगे और 4:50 बजे वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
  • केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल दोपहर 12:08 बजे ट्रेन से प्रयागराज पहुंचेंगे।
  • केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी दोपहर 2:00 बजे लखनऊ से प्रयागराज पहुंचेंगे।