Follow Us:

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंजूर किया नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिद्धू का इस्तीफा मंजूर कर लिया। उन्होंने इसे राज्यपाल बदनौर को भी भेज दिया है। दो दिन की कशमकश के बाद सीएम ने सिद्धू का इस्तीफा मंजूर किया।
 
गौरतलब है कि नवजोत सिद्धू ने अटकलों पर विराम लगाते हुए 14 जुलाई को कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। सिद्धू ने ट्वीट के माध्यम से इस्तीफे की जानकारी दी थी। ट्विटर पर पोस्ट किए गए इस्तीफे पर 10 जून की तारीख है, जो ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को संबोधित किया गया। इसमें लिखा है कि वह पंजाब कैबिनेट में मंत्री पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने पंजाब सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी इस्तीफा भेजा।

बता दें कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह चंडीगढ़ जाकर सिद्धू के इस्तीफे को पढ़ेंगे और उसके बाद ही उस पर कोई फैसला लेंगे। 17 जुलाई की शाम को मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटे लेकिन सिद्धू के इस्तीफे पर कोई फैसला नहीं ले पाए। अगले दो दिन भी उन्होंने सोच-विचार करने में निकाले। यही नहीं सिद्धू को मनाने की कोशिश भी करवाई, लेकिन वह नहीं माने।