➤ प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की संख्या हुई दोगुनी
➤ केंद्र सरकार ने हिमाचल सहित सभी राज्यों को अधिक कोटा जारी करने के निर्देश दिए
➤ राज्यों के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई
: केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत देते हुए 5 किलोग्राम वाले FTL (Free Trade LPG) सिलेंडरों की दैनिक आपूर्ति को दोगुना करने का निर्णय लिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, अब राज्यों में प्रवासी श्रमिकों के लिए उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या उनकी औसत दैनिक आपूर्ति से डबल कर दी गई है। यह व्यवस्था हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण होगी, जहां निर्माण कार्यों और अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर कार्यरत हैं।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह अतिरिक्त कोटा 21 मार्च 2026 के पत्र में दी गई 20% की सीमा से ऊपर होगा। इन सिलेंडरों का वितरण राज्य सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें तेल विपणन कंपनियों (OMCs) का सहयोग लिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में दूरदराज के क्षेत्रों में काम कर रहे मजदूरों को इससे सीधे तौर पर रसोई गैस की उपलब्धता में आसानी होगी और उन्हें कालाबाजारी या गैस की कमी जैसी समस्याओं से नहीं जूझना पड़ेगा।



