Follow Us:

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 26 अप्रैल तक लगाया लॉकडाउन

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कोरोना वायरस अब बेकाबू हो गया है। इस संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का एलान कर दिया है। यह सोमवार आज रात 10 बजे से लागू होगा और अगले एक सप्ताह तक चलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वर्चुअल बैठक के दौरान दिल्ली में लॉकडाउन का एलान किया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस लड़ाई में जनता की मदद जरूरी है, हमने हर चीज जनता के सामने रखी है। दिल्ली में आज सबसे अधिक टेस्ट हो रहे हैं, हर रोज टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने किसी से मौत के आंकड़े भी नहीं छुपाए। दिल्ली में कितने बेड्स, आईसीयू बेड्स और अस्पतालों की क्या हालत है, हमने जनता को बताया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर रोज 25 हजार के करीब केस आ रहे हैं, दिल्ली में बेड्स की भारी कमी हो रही है। दिल्ली के अस्पतालों में दवाई नहीं है, ऑक्सीजन नहीं है। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम और ज्यादा मरीज नहीं ले सकता है, इसलिए लॉकडाउन बहुत जरूरी है। लॉकडाउन से कोरोना नहीं जाता, सिर्फ स्पीड पर ब्रेक लगता है। ये लॉकडाउन छोटा ही रहेगा, इस दौरान हम दिल्ली में बेड्स की संख्या को बढ़ाएंगे।

बता दें कि आज सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल संग बैठक करने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। इसके तहत आगामी 26 अप्रैल तक सामान्य गतिविधियां ठप रहेंगी, लेकिन जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। इस दौरान बेवजह बाहर निकलने पर मनाही होगी और वीकेंड लॉकडाउन जैसे ही पाबंदियां होंगी।