Follow Us:

24 घंटे में 3 लाख 37 हजार से ज्यादा कोरोना केस, 482 मौत

डेस्क |

देश में 3 लाख 37 हजार 704 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.42 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 482 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में 9,550 की कमी आई है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को 3.47 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 703 लोगों की मौत हुई थी।

फिलहाल देश में 21.13 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में कुल एक्टिव केस का आंकड़ा पहली बार 21 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख और 8 जनवरी को 5 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 22 दिन में कुल एक्टिव केस 21 गुना हो गए हैं।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 48,270 नए केस सामने आए हैं, जो गुरुवार के मुकाबले 2,338 ज्यादा हैं। इससे एक दिन पहले गुरुवार को राज्य में 45,932 मामले सामने आए थे, यानी एक दिन में 5.09% केस बढ़े हैं। वहीं, शुक्रवार को 42,391 मरीज ठीक हुए और 52 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,64,388 हो गए हैं। यहां कुल 74.20 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 70.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,40,023 लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट 23.44% है, इससे 1 दिन पहले गुरुवार को पॉजिटिविटी रेट 18.49% था।

दिल्ली में शुक्रवार को डेली केस में गिरावट देखी गई। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 10,756 नए संक्रमित मिले हैं और 38 मौतें दर्ज की गई। इससे एक दिन पहले गुरुवार को 12,306 नए कोविड मामले सामने आए थे और 43 मौतें दर्ज की गई थी। पॉजिटिविटी रेट 18.04% रही। राजधानी में एक्टिव केस घटकर 61,954 रह गए हैं। इससे पहले गुरुवार को 68,730 एक्टिव केस थे।

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 16,142 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 17,600 लोग ठीक हुए और 22 मौत दर्ज की गई। यहां गुरुवार को 18,429 लोग संक्रमित पाए गए और 12 मौत दर्ज की गई थी। अब तक राज्य में 19 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 17.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,022 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 95,,866 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को 9,154 नए केस मिले हैं। इस दौरान 19,112 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हुई है। यहां गुरुवार को 10,959 नए केस मिले और 37 लोगों की मौत हुई थी। यहां पॉजिटिविटी रेट 12.58% है। राज्य में अब तक कुल 19.49 लाख केस मिले हैं, जबकि 17.39 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। कुल 20,265 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1,34,816 हैं।