Follow Us:

चिंतिन शिविर: प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग, खड़गे ने आचार्य प्रमोद को बीच में रोका

डेस्क |

राजस्थान के उदयपुर में चल रही कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में शनिवार को प्रियंका गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठी है। पार्टी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। वह सबसे लोकप्रिय चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि दो साल से राहुल गांधी को मनाने की कोशिश की जा रही है। अगर वह तैयार नहीं हैं तो प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।

आचार्य प्रमोद की इस मांग पर किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन आखिर में राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें बीच में रोका। खड़गे ने कहा कि आपने अपनी बात रख दी।

वहीं, प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग करने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम अकेले नहीं हैं। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी कहा कि प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय स्तर पर लाया जाना चाहिए न कि केवल एक राज्य तक सीमित रहना चाहिए। इसी चर्चा के दौरान कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने कहा कि अगर पार्टी नहीं सुधरी तो खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं जीतती है तो 2024 के लोकसभा चुनाव की कोई उम्मीद नहीं है।

सचिन पायलट ने कहा- चुनौतियों से पार पाएंगे

इस बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस 100 साल से अधिक समय से भारतीय राजनीति के केंद्र में रही है। भाजपा ने हर पहलू से देश को नीचा दिखाया है। युवाओं को नौकरी और प्रगति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने कहा कि यह पार्टी को देने का समय है। हम चुनौतियों से पार पाएंगे। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है और हम सभी पार्टी के सिपाही हैं। राहुल गांधी पार्टी के नेता हैं। हम सब उनके पीछे मजबूती के साथ खड़े हैं।