Follow Us:

पूर्वी कमान में एमएम नरवाने बनेंगे उप सेना प्रमुख

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारतीय आर्मी के शीर्ष पदों में जल्द ही बदलाव देखने को मिल सकता है। सरकार जल्द ही उप सेना प्रमुख और सेना के शीर्ष कमांडरों के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को शुरू करने की तैयारी में है। इससे सेना की काम करने की क्षमता में भी वृद्धि होगी।

लेफ्टिनेंट जनरल एमएम नरवाने को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ पद पर नियुक्त किया जाएगा। वह लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अन्बू का स्थान लेंगे जो अगस्त के आखिरी हफ्ते में सेवानिवृत हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित हैं। वह वर्तमान में सेना के पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ पद पर कार्यरत हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने को जून 1980 में सिख लाइट इन्फैंट्री की 7वीं बटालियन में कमीशन दिया गया था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी के पूर्व छात्र हैं। अपनी 37 साल की सेवा में जनरल नरवाने ने देश के पूर्वोत्तर हिस्से, जम्मू और कश्मीर सहित श्रीलंका में भारतीय शांति सुरक्षा बल के सदस्य के रूप में काम किया है। जनरल ने जम्मू-कश्मीर में एक राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन और पूर्वी मोर्चे पर एक इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान भी संभाली है।