Follow Us:

ED का BBC पर शिकंजा: ₹3.44 करोड़ का जुर्माना, तीन डायरेक्टर्स पर भी कार्रवाई

|

  • ED ने BBC इंडिया पर ₹3.44 करोड़ का जुर्माना लगाया, तीन डायरेक्टर्स पर भी कार्रवाई
  • FDI नियमों के उल्लंघन का आरोप, सरकार ने 2019 में डिजिटल मीडिया में FDI की सीमा 26% तय की थी
  • 2023 में BBC के दिल्ली-मुंबई ऑफिस पर IT रेड, टैक्स गड़बड़ी के आरोप में कार्रवाई

BBC India FDI Violation: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर ₹3.44 करोड़ का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, BBC के तीन डायरेक्टर्स पर भी ₹1.14 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) 1999 के तहत की गई है।

FDI नियमों का उल्लंघन



रिपोर्ट्स के अनुसार, BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया एक 100% FDI वाली कंपनी है, जबकि भारत सरकार ने 2019 में डिजिटल मीडिया में FDI की सीमा 26% निर्धारित की थी। बावजूद इसके, BBC ने FDI को 100% बनाए रखा, जो नियमों का उल्लंघन है। इसी मामले में 4 अगस्त 2023 को ED ने BBC इंडिया, इसके तीन डायरेक्टर और वित्त प्रमुख को शो-कॉज नोटिस जारी किया था।

BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर कुल ₹3,44,48,850 का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, 15 अक्टूबर 2021 के बाद से हर दिन के लिए ₹5,000 का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया गया है, जब तक कंपनी नियमानुसार बदलाव नहीं करती।

BBC पर पहले भी हुई कार्रवाई


2023 में BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर आयकर विभाग ने रेड की थी। BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप था। इस दौरान, BBC स्टाफ के मोबाइल, लैपटॉप और डेस्कटॉप जब्त कर लिए गए थे। दिल्ली के KG मार्ग स्थित HT टावर में BBC का ऑफिस है, जहां आयकर विभाग की रेड हुई थी। इसी तरह, मुंबई के सांताक्रूज इलाके में भी BBC स्टूडियोज पर कार्रवाई की गई थी।

BBC वर्ल्ड सर्विस का परिचय


BBC वर्ल्ड सर्विस एक ब्रिटिश सरकारी संस्था है, जो 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करती है। इसकी फंडिंग ब्रिटेन की संसद ग्रांट के जरिए करती है और इसे फॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस मैनेज करता है।