Follow Us:

रांची के दशम फॉल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 जवान शहीद

समाचार फर्स्ट डेस्क |

झारखंड की राजधानी रांची के दशम फॉल थानाक्षेत्र के हेसापीड़ी जंगल में आज तड़के 4 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गए और कुछ जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रांची एसएसपी और डीआईजी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के बाद ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार तड़के ये मुठभेड़ हुई।

शहीद जवानों की पहचान खंचन महतो और अखिलेश राम के रूप में हुई है। खंचन महतो रांची के सोनाहातु थाना इलाके के चैनपुर गांव के रहने वाले थे। वहीं, अखिलेश राम पलामू के लेस्लीगंज थानाक्षेत्र के कुंद्री गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार दशम फॉल इलाके में नक्सली जोनल कमांडर महाराज प्रामाणिक के होने की सूचना पर वीरवार शाम से ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची-खूंटी सीमा के डाकापीढ़ी जंगल इलाके में नक्सली दस्ते का मूवमेंट हो रहा है। जिसके बाद ऑपरेशन के लिए झारखंड जगुआर की टीम को उस इलाके में भेजा गया। ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गये। डीजीपी कमल नयन चौबे ने मेडिका अस्पताल जाकर घायल जवानों का हालचाल लिया है। उधर मुठभेड़ वाले इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।