Follow Us:

सेना में बढ़ेगी नारी शक्ति, मिलिट्री पुलिस में पहली बार शामिल होंगी महिलाएं

समाचार फर्स्ट |

नारी सशक्तिकरण की दिशा में देश एक कदम और आगे बढ़ गया है। लिंग भेद को खत्म करने के लिए आर्मी ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया है। आर्मी में महिलाओं को बराबरी का दर्जा देने के लिए रक्षा मंत्रालय सैन्य पुलिस में 800 महिलाओं की भर्ती करेगी। सैन्य पुलिस में महिलाओं की भर्ती के लिए सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस फैसले के बारे में सेना के एडजुटेंट जनरल अश्वनी कुमार ने जानकारी दी कि योजना में कुछ समय लग सकता है।

बता दें  कि देश की रक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद निर्मला सीतारमण ने कहा था कि सेना में महिलाओं का कद बढ़ाने की दिशा पर विचार होगा। अभी तक सेना में महिलाओं की भर्ती ऑफिसर रैंक में होती थी लेकिन इस फैसले के बाद अब अन्य रैंक्स में भी यह भर्ती हो सकेगी और इसकी शुरुआत सेना पुलिस से होगी।

गौरतलब है कि वर्तमान में महिलाएं सेना के मेडिकल, कानून, शैक्षणिक, सिग्नल और इंजीनियरिंग चुनिंदा क्षेत्रों में ही कार्यरत हैं। सैन्य पुलिस में शामिल होने के बाद महिलाओं का कार्य क्षेत्र बढ़ जाएगा। महिलाएं सेना छावनी में पुलिसिंग करेंगी। जरूरत पड़ने पर महिला सैन्य पुलिस सिविल पुलिस को सहायता भी प्रदान करेगी।