Follow Us:

अब ये महिला बनी ‘सेबी’ की मुख्य अधिकारी, LIC IPO से पहले बड़ा बदलाव

डेस्क |

शेयर बाजार को रेग्युलेट करने वाली संस्था भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की कमान अब महिला के हाथों में होगी। सरकार ने सोमवार को सेबी के नए अध्यक्ष के रूप में माधबी पुरी बुच के नाम का ऐलान कर दिया है। यह पहली बार है जब एक महिला को इस पद के लिए चुना गया है। अब तक इस पद पर अजय त्यागी थे।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1984 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के अधिकारी अजय त्यागी को एक मार्च, 2017 को तीन साल के लिए सेबी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें छह माह का सेवा विस्तार दिया गया। अगस्त, 2020 में त्यागी का कार्यकाल 18 महीने और बढ़ा दिया गया।

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के मुताबिक बुच पिछले साल तक सेबी में पूर्णकालिक सदस्य के रूप में कार्यरत थीं। वह शंघाई में न्यू डेवलपमेंट बैंक में भी काम कर चुकी हैं। यहां उन्हें तीन साल की अवधि के लिए नियुक्त किया गया था। माधबी पुरी बुच को बैंकिंग का भी अनुभव है।

माधबी पुरी बुच को तीन साल की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि हाल ही में एलआईसी ने सेबी के पास आईपीओ के लिए दस्तावेज जमा कराए हैं। अब सेबी की मंजूरी के बाद आम लोगों के लिए आईपीओ खुलेगा। ऐसा अनुमान है कि मार्च के आखिरी सप्ताह में एलआईसी की शेयर बाजार में लिस्टिंग होगी।