Follow Us:

ये क्या बोल गईं पूर्व CM की पत्नी, मुंबई में ट्रैफिक जाम से होते हैं 3 फीसदी तलाक

डेस्क |

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने शादीशुदा लोगों के तलाक पर अजीबो गरीब बयान दिया है। उन्होंने मुंबई के ट्रैफिक को जिम्मेदार ठहराते दावा किया है कि मुंबई में 3 फीसदी तलाक की वजह यहां का ट्रैफिक है। अमृता फडणवीस पत्रकारों से सड़कों और यातायात की स्थिति के बारे में बात कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने ये दावा कर दिया।

दरअसल, अमृता फडणवीस ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि क्या आप जानते हैं कि मुंबई में 3 फीसदी तलाक ट्रैफिक जाम के कारण होते हैं, क्योंकि लोग अपने परिवार को समय नहीं दे पाते हैं। वह सड़कों पर गड्ढों और ट्रैफिक में फंसने से व्यक्तिगत रूप से परेशान हैं, और मुंबई में 3 फीसदी तलाक इसी कारण हो रहे हैं। मैं राज्य सरकार को अपनी गलतियों पर अधिक ध्यान देने की सलाह देती हूं।

यहां तक कि उन्होंने राज्य की महाविकास अघाड़ी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह महाविकास नहीं बल्कि महावसूली सरकार है, और यह बात मैं ही नहीं कर रही, बल्कि पूरी दुनिया कर रही है। मुंबई में कई ऐसे मुद्दे हैं, जहां सरकार ध्यान नहीं दे रही है। मुंबई में सड़क, ट्रैफिक और एसटी कर्मचारियों की समस्या है। सरकार का ध्यान इन सब से हटकर खुद की जेब भरने पर है।

शिवसेना सांसद ने दी प्रतिक्रिया

वहीं, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, ‘बेस्ट इलाजिक आफ द डे का पुरस्कार उस महिला को जाता है, जो दावा करती है कि 3 फीसदी मुंबईकर सड़कों पर यातायात के कारण तलाक दे रहे हैं। कृपया छुट्टी का ब्रेक लें.. बेंगलुरू परिवार कृपया इसे पढ़ने से बचें, आपकी शादियों के लिए घातक साबित हो सकता है।