Follow Us:

पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन, लंबे समय से थे बीमार

डेस्क |

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। सोमवार को कर्नाटक के मंगलुरु में ऑस्कर फर्नांडिस ने अंतिम सांस ली। अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। बता दें कि इस साल जुलाई में सुबह के वक्त योग करते हुए सिर में चोट की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी तबियत काफी बिगड़ गई थी।

ऑस्कर फर्नांडिस यूपीए सरकार में सड़क एवं परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री भी रह चुके हैं। अभी भी वह राज्यसभा सांसद थे। उनकी गिनती राहुल गांधी और सोनिया गांधी के करीबियों में होती है। वह सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी ऑफ द ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं। ऑस्कर फंर्नांडिस एआईसीसी के महासचिव भी रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर दुख जताया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने ट्विट करते हुए दुख जताया है। कांग्रेस ने कहा- “ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है, उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है। एक कांग्रेस के दिग्गज, समावेशी भारत के लिए उनके दृष्टिकोण का हमारे समय की राजनीति पर उनका बहुत बड़ा प्रभाव था। कांग्रेस परिवार को उनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश की कमी खलेगी।”

ऑस्कर फर्नाडिंस का जन्म 27 मार्च 1941 को कर्नाटक के उडुप्पी में हुआ था। 1980 में कर्नाटक की उडुप्पी लोकसभा सीट से वह सांसद चुने गए थे। उसके बाद 1996 तक यहां से लगातार जीतते आए थे। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया। तब से वह बतौर राज्यसभा सांसद ही संसद के सदस्य बने हुए थे।