Follow Us:

24 घंटे के अंदर पुलिस एनकाउंटर में मारा गया गैंगस्टर विकास दुबे

समाचार फर्स्ट डेस्क |

उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस कर्मियों को शूट करने वाला मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे आज सुबह एनकाउंटर में मारा गया। बताया जा रहा है कि स्पेशल टास्क फ़ोर्स विकास को मध्य प्रदेश के उज्जैन से कानपुर ला रही थी। कानपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर रास्ते में गाड़ी पलट गई। इस दौरान विकास दुबे ने एसटीएफ के एक अधिकारी की पिस्टल छीनकर भागने की फिराक में था। इसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया, उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया लेकिन उसने गोली चलानी शुरू कर दी। इसी बीच विकास और पुलिस में मुठभेड़ हो गई और पुलिस को उस पर गोली चलानी पड़ी।

कमर पर गोली लगने के बाद उसे कानपुर के एल एल आर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कानपुर पुलिस के महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने विकास दुबे के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चार पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं जिनका कानपुर के सीएससी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना का पूरा ब्यौरा देने के लिए पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और तभी सबकुछ बताया जाएगा। हालांकि विकास को कितनी गोलियां लगी हैं, इसकी कोई जानकारी उन्होंने नहीं दी। बता दें कि कानपुर में आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के मुख्य अभियुक्त विकास दुबे को मध्य प्रदेश पुलिस ने गुरुवार नौ जुलाई को उज्जैन से गिरफ़्तार किया गया था।