Follow Us:

GC मुर्मू ने जम्मू-कश्मीर और RK माथुर ने लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में ली शपथ

समाचार फर्स्ट डेस्क |

गिरीश चंद्र मुर्मू ने आज जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली है। जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गीता मित्तल ने श्रीनगर स्थित राजभवन में जी सीमुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। गुजरात कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी को प्रधानमंत्री मोदी के भरोसेमंद लोगों में से एक माना जाता है। इसी वजह से उन्हें केंद्रीय वित्त मंत्रालय में व्यय विभाग का सचिव पद भी सौंपा गया था।  मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब मूर्मु उनके प्रधान सचिव थे।

जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ आज लद्दाख का भी इतिहास बदल गया है। लद्दाख अब एक केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, साथ ही राज्य को अपने नए उपराज्यपाल भी मिले हैं। रिटायर्ड आईएएस राधाकृष्ण माथुर ने आज लद्दाख के पहले उपराज्यपाल के तौर पर शपथ ली। इसी के साथ ही अब लद्दाख जम्मू-कश्मीर राज्य से अलग हो गया है।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पहले उपराज्यपाल राधाकृष्ण माथुर 1977 बैच के रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। त्रिपुरा कैडर के राधाकृष्ण माथुर नवंबर 2018 तक देश के मुख्य सूचना आयुक्त रहे। इससे पूर्व 25 मई 2013 से दो साल तक वह रक्षा सचिव रहे। त्रिपुरा में तैनाती के दौरान वह राज्य के मुख्य सचिव भी रहे। वह सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में सचिव भी रह चुके हैं। आईएएस बनने से पहले माथुर ने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग और आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग में मास्टर्स की पढ़ाई की है। उनके पास एमबीए की भी डिग्री है।