Follow Us:

IMD ने जारी किया मॉनसून का पूर्वानुमान, इस बार सामान्य रहेगी बारिश

डेस्क |

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साल 2022 के लिए मॉनसून की भविष्यवाणी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून जून से सितंबर तक रहेगा। इस साल मॉनसून सामान्य रहेगा। देशभर में इस साल अच्छी बारिश होगी। उत्‍तर भारत में सामान्‍य से बेहतर बारिश का अनुमान लगाया गया है। पूर्वोत्‍तर के कुछ इलाकों में सामान्‍य से कम बारिश के आसार हैं। IMD के अनुसार, मॉनसून के साथ-साथ बारिश पर ला नीना का असर भी दिखेगा।

IMD ने कहा, “दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के लिए 1971-2020 (पीरियड) के आधार पर भारत में 868.6 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। यह 1961-2010 अवधि की सामान्य बारिश 880.6 मिलीमीटर की जगह लेगा।” प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी भाग, मध्य भारत, हिमालय की तलहटी और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। पिछले साल 2021 में जून से सितंबर के बीच चार महीने के दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान देश में ‘सामान्य’ बारिश हुई थी। लगातार तीसरे साल देश में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। 2019 और 2020 में बारिश सामान्य से ज्यादा हुई थी।