जम्मू कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के मामले को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस इस संबंध में रविवार शाम को बड़ा खुलासा करने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में शामिल पूरे आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ है और दक्षिण कश्मीर पुलिस ने इस संबंध में ओवर ग्राउंड वर्कर्स के पूरे जत्थे को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन्हें बिना हथियार वाले आतंकी बता रही है।
सूत्रों ने बताया कि इन आतंकियों ने ही अमरनाथ यात्रियों पर हमले के लिए फंड की व्यवस्था की थी। उन्होंने बताया कि कॉल डिटेल्स की जांच के बाद पुलिस ने इन ओवर ग्राउंड वर्कर्स को पकड़ा है। ये लोग आपसी बातचीत में कोर्ड वर्ड्स का इस्तेमाल करते थे। इसी कारण इन पर पुलिस का ध्यान गया। वहीं, पुलिस से बचने के लिए ये आतंकी आसपास के घरों या फिर नालियों में छुप जाया करते थे।
बता दें कि आतंकियों ने 10 जुलाई की रात 8.20 बजे अमरनाथ यात्रियों पर हमला किया था, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री जख्मी हो गए थे। इस हमले के मास्टर माइंड अबु इस्माइल सहित हमले में शामिल लश्कर ए तैयबा के तीन आतंकी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए लश्कर कमांडर अबु दुजाना के बाद अबु इस्माइल को ही लश्कर की कमान सौंपी गई है।



