Follow Us:

पूर्व क्रिकेटर कपिल देव होंगे हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पहले चांसलर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हरियाणा के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अग्रसर रखने के लिए सोनीपत के राई में बनाई रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का चांसलर पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को बनाया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के खेल मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करके खुद शेयर की है।

हरियाणा के पहले और देश के चौथे खेल विश्वविद्यालय के चांसलर की नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कानून बदला गया है। हरियाणा में पहली बार राज्यपाल की बजाय खेल से जुड़ी किसी हस्ती को कुलाधिपति बनाया जाएगा, जबकि राज्यपाल संरक्षक की भूमिका में रहेंगे। इस बारे में करीब दो माह पहले ही चर्चा शुरू हो गई थी।

हालांकि अभी तक प्रदेश की सभी सरकारी और सहायता प्राप्त यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति राज्यपाल ही हैं, लेकिन खेल विश्वविद्यालय के मामले में सरकार ने नई परंपरा के तहत कुलाधिपति और कुलपति के चयन पर विचार-विमर्श किया है। सोनीपत के राई में चल रहे मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स कैंपस में ही यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी। खेल स्कूल के पास साढ़े 350 एकड़ जमीन है, जिस पर यूनिवर्सिटी आसानी से स्थापित हो सकती है। लगभग 630 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस यूनिवर्सिटी की सरकार जल्द शुरू करना चाहती है।

यह यूनिवर्सिटी राज्य के खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट रही है। शनिवार को ट्वीट करते हुए विज ने जानकारी दी कि हरियाणा के पहले और देश के चौथे खेल विश्वविद्यालय के चांसलर की भूमिका में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव होंगे।