Follow Us:

मेरठ ब्लू ड्रम हत्याकांड: मुस्कान और प्रेमी साहिल को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

➤ मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम हत्याकांड में अदालत ने सुनाई मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा

➤ पति सौरभ राजपूत की हत्या कर शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाने का मामला साबित

➤ जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने दोनों दोषियों को सुनाई मौत की सजा


मेरठ में प्रेमी के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या करने वाली मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया। इस सनसनीखेज ब्लू ड्रम हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी, जिसमें अब अदालत ने दोषियों को उनके कुकर्मों की पूरी सजा दी है।

सजा सुनाए जाने से पहले अदालत में दोनों दोषियों से उनका पक्ष जाना गया। जज द्वारा यह पूछे जाने पर कि वे क्या सजा चाहते हैं, मुस्कान ने रोते हुए कहा कि उसकी छोटी बेटी का ख्याल रखा जाए, जिसके बाद वह खामोश हो गई, जबकि साहिल चुपचाप सिर झुकाकर खड़ा रहा। अभियोजन पक्ष की ओर से शासकीय वकील केके चौबे ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए दोनों के लिए मृत्युदंड की जोरदार मांग की थी। उन्होंने कोर्ट को बताया कि कितनी बेरहमी से सौरभ की हत्या कर उसके शरीर के टुकड़े किए गए और साक्ष्य मिटाने के लिए उन्हें नीले ड्रम में सीमेंट के साथ भर दिया गया।

दूसरी ओर, बचाव पक्ष की वकील रेखा जैन ने दलील दी थी कि मुस्कान की दो बेटियां हैं और उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं, इसलिए नरमी बरती जाए। हालांकि, अदालत ने इस रेयरेस्ट ऑफ द रेयर (सबसे दुर्लभ से दुर्लभ) मामला मानते हुए दोषियों को मौत की सजा सुनाई। इस मामले में कुल 22 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे, और साहिल को हत्या वाली रात मौके पर देखने वाले चश्मदीद, कत्ल में इस्तेमाल हथियार पर मानव रक्त मिलने, तथा दोनों की कॉल डिटेल जैसे पुख्ता सबूत सजा का मुख्य आधार बने।

यह खौफनाक घटना 3 मार्च 2025 को हुई थी, जब लंदन से लौटे सौरभ राजपूत की उसकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर खाने में नशीला पदार्थ देकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव के टुकड़े कर ड्रम में सीमेंट भरकर छुपा दिए गए थे और मुस्कान खुद को छिपाने के लिए शिमला-मनाली घूमने चली गई थी। अंततः मृतक के भाई राहुल द्वारा पुलिस को सूचना देने और घर से बदबू आने पर इस भयानक राज से पर्दा उठा था।