Follow Us:

भदोही में गरजे मोदी, कांग्रेस-सपा से लेकर बसपा को भी घेरा

डेस्क |

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के भदोही में एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में पीएम मोदी कांग्रेस के साथ सपा और बसपा गठबंधन पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि इन महामिलावटी लोगों ने सत्ता को हमेशा अपनी दौलत बढ़ाने का जरिया माना है। हमारे देश में अगर कोई आतंकी हमला होता है तो आपको दुःख होता है। हमला कश्मीर में हो मगर दुःख भदोही को होता है, हमला कश्मीर में हो लेकिन दिल कन्याकुमारी का रोता है।

उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए अपने अंदाज में कहा कि हमारे इतने पराक्रम हुए, लेकिन किसी देश ने हमारा विरोध किया क्या? किसी देश ने भारत पर कोई प्रतिबन्ध लगाया क्या़? जब आप सही नीयत और नीति से लोगों के हितों में काम करते हैं तो नामुमकिन भी मुमकिन है। भारत की बढ़ती ताकत का ही तो असर है, लेकिन मैं महामिलावट का क्या करूं जो भारत की इस कामयाबी को मानने को ही तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 2-3 दिन पहले ही दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने भारत में सैंकड़ों लोगों की जान लेने वाले गुनहगार आतंकी मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया। ये भारत की बढ़ती ताकत का ही तो असर है।

पीएम मोदी ने कहा कि महामिलावटी कह रहे हैं कि देश में चुनाव था इसलिए मोदी ने मसूद अजहर पर बैन लगवा दिया। हर चीज को चुनाव के चश्में से देखने की वजह से ही आज कांग्रेस और उसके साथियों की ये हालत हो गई है। मोदी ने कहा कि व्यापार, कमाई, एक्सपोर्ट सब कुछ हर बात पर साख का असर पड़ता है। जब सिर्फ अपना और अपने परिवार का नहीं बल्कि देश का विकास करने की इच्छाशक्ति के साथ सरकारें चलाई जाती है, तो इसी तरह का परिवर्तन आता है।

उन्होंने कहा कि अगर मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता हूं तो मेरे गरीब भाईयों के हक के लिए लड़ता हूं। अगर मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता हूं तो मैं देश के ईमानदारों के लिए एक दीवार बनकर उनकी मदद के लिए लड़ता हूं। हमारा कल्चर है विकास पंथी- जिसके लिए सिर्फ और सिर्फ देश के लोगों का विकास ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है, जिसके लिए दल से भी बड़ा देश है।