Follow Us:

पुलिस ने वाटर कैनन से की किसानों को रोकने की कोशिश, दिल्ली जाने में डटे पंजाब के किसान

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब से चले किसानों का पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस के साथ वीरवार को संघर्ष भरा रहा। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भी हालात काफी तनावपूर्ण रहे। अब आज उत्तर प्रदेश के किसान भी सड़कों पर उतरेंगे। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि यूपी का किसान सड़क पर उतरेगा। टिकैत के मुताबिक आज सुबह 11 बजे से बहुत बड़ा प्रदर्शन होगा। यूपी के किसान दिल्ली-देहरादून हाईवे को जाम करेंगे। किसानों का प्रदर्शन आज भी जारी है और अब अधिक आक्रामक होता जा रहा है।

शुक्रवार सुबह किसान पुलिस द्वारा सारी रोक हटाकर रोहतक पहुंच गए और यहां रोहतक-दिल्ली हाईवे पर किसान इकट्ठा होना शुरू हो गए हैं। दूसरी ओर सोनीपत में भी किसानों और पुलिस में तनाव बढ़ गया है, किसानों का एक जत्था पानीपत-सोनीपत बॉर्डर पहुंच गया। किसानों ने यहां भी बैरिकेडिंग को हटाना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह सिंधु बॉर्डर पर कुछ किसानों से बात की है। हालांकि, किसान दिल्ली जाने पर अड़ गए हैं और पुलिस की बात नहीं मान रहे हैं। किसानों का कहना है कि हम दिल्ली जाकर रहेंगे चाहे कुछ भी हो जाए। सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है और हम दिल्ली के रामलीला मैदान में ही जाकर रुकेंगे।

पंजाब और हरियाणा बॉर्डर पर किसान रातभर यहां डटे रहे और सुबह होते ही नारेबाजी करते हुए दिल्ली कूच की कोशिश करने लगे। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर किसानों को रोकने की कोशिश की। कृषि कानूनों के खिलाफ डटे किसान दिल्ली आने की जिद पर अड़े हुए हैं। दिल्ली में जाम लगना शुरू हो गया है। बता दें कि प्रदर्शन के कारण एनसीआर में पहले से ही मेट्रो सेवा बाधित है और नोएडा से दिल्ली मेट्रो नहीं जा पा रही है।