Follow Us:

Video: राष्ट्रपति मुर्मू ने फहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस परेड में झलकी विविधता

|

76th Republic Day celebrations :आज भारत ने 76वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह 10:30 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया और 21 तोपों की सलामी के साथ परेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति मुर्मू और प्रबोवो सुबियांतो बग्घी में बैठकर कर्तव्य पथ पहुंचे। परेड में विभिन्न राज्यों और मंत्रालयों की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक विकास को प्रदर्शित करती हैं। उत्तराखंड की झांकी ने नैसर्गिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन को दिखाया, जबकि मध्य प्रदेश ने चीता संरक्षण पर आधारित झांकी प्रस्तुत की। गुजरात की झांकी ‘विरासत और विकास’ की थीम पर आधारित थी।

वायुसेना के फ्लाईपास्ट ने आयोजन को रोमांचक बना दिया। फ्लाईपास्ट में Mi-17 हेलिकॉप्टर और राफेल, सुखोई जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। फ्लाईपास्ट में “वजरंग” और “त्रिशूल” जैसे विशेष फॉर्मेशन देखने को मिले।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान आंध्र प्रदेश की 400 साल पुरानी “एटिकोप्पाका लकड़ी के खिलौने” की कला पर आधारित झांकी और सामाजिक न्याय मंत्रालय की झांकी ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’ भी आकर्षण का केंद्र रहीं। परेड में भारतीय सशस्त्र बलों ने अपनी ताकत और तकनीकी प्रगति का प्रदर्शन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह वॉर मेमोरियल में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में भारतीय सेना की 61 कैवेलरी, ब्रह्मोस मिसाइल, पिनाका मल्टी लॉन्चर रॉकेट सिस्टम और अन्य सैन्य उपकरणों ने भारत की रक्षा क्षमता को प्रदर्शित किया।

दिल्ली के अलावा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, और अन्य राज्यों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष आयोजन किए गए। इस वर्ष की परेड ने भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास यात्रा को भव्य रूप से प्रदर्शित किया।