Follow Us:

सोनभद्र जाने से रोकी गईं प्रियंका गांधी ने सड़क पर शुरू किया धरना

समाचार फर्स्ट डेस्क |

सोनभद्र में वीरवार को हुए शूटआउट के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को उम्भा गांव में जाकर इस घटना के पीड़ितों से मिलने से रोक दिया गया है। प्रियंका को वाराणसी सीमा के पास स्थित नारायणपुर गांव के पास रोका गया गया। जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी मिर्ज़ापुर से सोनभद्र जा रही थीं। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए उन्हें यहां रोक दिया। प्रियंका गांधी सोनभद्र में पीड़ितों के परिवारों से मिलने जा रही थी। पुलिस ने प्रियंका गांधी को अपनी हिरासत में ले लिया है।

इससे पहले शुक्रवार सुबह ही प्रियंका के इस दौरे को लेकर सोनभद्र के जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू होने के वजह से किसी भी जनप्रतिनिधि या बाहरी व्यक्ति को घटनास्थल पर जाने का अनुमति नहीं है। इसके अलावा धारा-144 लागू होने के कारण ही प्रियंका को भी जिले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन के द्वारा सारे इंतजाम कर लिए गए हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान यज्ञदत्त, उनके भाई और भतीजे समेत 26 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने 28 लोगों के खिलाफ नामजद जबकि 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज़ की है। एसपी सलमान ताज पाटिल ने बताया कि वांछित लोगों की तलाश तेज कर दी गई है और अज्ञात लोगों की पहचान का अभियान भी जारी है।