Follow Us:

राजीव महर्षि बने नए ‘CAG’ प्रमुख, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि ने आज भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) पद की शपथ ली है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में महर्षि को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

3 वर्ष का होगा कार्यकाल:-

राजस्थान कैडर से वर्ष 1978 के बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के सेवानिवृत्त अधिकारी महर्षि ने गृह सचिव के पद पर दो वर्ष का अपना तय कार्यकाल पिछले माह ही पूरा किया है। महर्षि ने शशिकांत शर्मा का स्थान लिया है। शर्मा ने 23 मई, 2013 को CAG पद की शपथ ली थी। इस पद को संभालने से पूर्व वह रक्षा सचिव थे। महर्षि का कार्यकाल करीब 3 साल का होगा।

महर्षि रह चुके हैं राजस्थान के मुख्य सचिव:-

संवैधानिक अधिकारी के तौर पर CAG के ऊपर केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के खातों के ऑडिट की जिम्मेदारी होती है।CAG की रिपोर्ट संसद और राज्य विधानसभाओं में पेश की जाती है। महर्षि राजस्थान से हैं और उन्होंने अमेरिका के ग्लासगो स्थित यूनिर्विसटी ऑफ स्ट्रेथक्लाइड से मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री ली है। गृह सचिव के पद पर नियुक्ति से पूर्व वह आर्थिक मामलों के सचिव और राजस्थान के मुख्य सचिव रह चुके हैं।