Follow Us:

क्यों दो बड़े शहरों में दंगे का माहौल बना रही भाजपा, संजय राउत ने बताई वजह

डेस्क |

डेस्क। शिवसेना नेता संजय राउत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ‘सत्ता पक्ष द्वारा जिस तरह से दो बड़े शहरों में दंगों का माहौल बनाया जा रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। दिल्ली में ऐसा किया जा रहा है क्योंकि नगर निकाय चुनाव आ रहे हैं और मुंबई में भी क्योंकि वहां बीएमसी चुनाव हो रहे हैं।’

इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने अपने मुखपत्र सामना में साप्ताहिक कॉलम में रामनवमी और उसके बाद हुई हिंसा के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। राउत ने कहा कि रामनवमी के दिन दस राज्यों में दंगे हुए। ये दृश्य अच्छे नहीं हैं। इससे पहले रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान सिर्फ धर्म एवं संस्कृति का ही प्रदर्शन किया जाता था।

अब ऐसी शोभायात्राओं में तलवारें नचाई जाती हैं जिनमें धार्मिक विद्वेष फैलाने की कोशिश हो रही है। सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि 15 वर्षों में अखंड हिंदू राष्ट्र बनेगा। क्या यह इसकी शुरुआत है? राउत ने कहा कि धर्मांधता की आग को हवा देकर और शांति को खाक करके यदि कोई चुनाव जीतना चाहता होगा, तो वे अपने हाथों से देश के दूसरे विभाजन के बीज बोते दिख रहे हैं। देश के टुकड़े-टुकड़े हो जाएं तो भी चलेगा लेकिन धार्मिक विद्वेष फैलाकर चुनाव जीतने की ऐसी नीति भाजपा जैसी पार्टी ने खुलेआम अपनाई है।