Follow Us:

स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली लड़की को SIT ने किया गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

शाहजहांपुर मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली लड़की को  एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। लड़की पर चिन्मयानंद से उगाही करने का आरोप था। इसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद लड़की और उसके तीन साथियों पर पुलिस ने केस दर्ज़ किया था।

स्वामी चिन्मयानंद से रंगदारी मांगने के मामले में एसआईटी ने आज कोतवाली पुलिस के साथ आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद लड़की को चौक कोतवाली लाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया है। मेडिकल के बाद लड़की को जेल ले जाया जाएगा।

शिकायतकर्ता छात्रा ने भी अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई, लेकिन कोर्ट ने 26 सितंबर से पहले सुनवाई करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद आरोप लगाने वाली छात्रा की गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एसआईटी इस मामले की छानबीन कर रही है।

इस केस में एसआईटी को एक लापता मोबाइल फोन बरामद करना है। इसी बात को आधार बनाकर एसआईटी ने शिकायतकर्ता लड़की के दो दोस्तों विक्रम और सचिन को मंगलवार को रिमांड पर लिया था। इन दोनों को रंगदारी के मामले में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पीड़िता का नाम भी शामिल है।