Follow Us:

स्वस्थ रहने और फिट रहने का फंडा हमारे पूर्वजों के समय से चला आ रहा हैः PM मोदी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

दिल्ली के  इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  'फिट इंडिया अभियान' की शुरुआत की। खेल दिवस के अवसर पर इसे लॉन्च किया गया है। अभियान की शुरुआत करने के बाद कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि आज के दिन हमें मेजर ध्यानचंद के रूप में महान खिलाड़ी मिले थे और देश उनको नमन कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से देश ने हेल्दी इंडिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह देश की जरूरत है कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए। इससे खेल में जो युवा खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं, इससे उनका हौसला बढ़ेगा। फिटनेस सिर्फ शब्द नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी शर्त है।

पीएम मोदी ने कहा कि स्वस्थ रहने और फिट रहने का फंडा हमारे पूर्वजों के समय से चला आ रहा है। उन्होंने इस दौरान संस्कृत का श्लोक सुनाया और फिटनेस के लाभ बताए। फिटनेस हमारे जीवन का अभिन्न अंग रहा है और समय के साथ इसे लेकर सोसाइटी में उदासीनता आती रही है।

इस अभियान के तहत हर कॉलेज और विश्वविद्यालय को 15 दिवसीय फिटनेस प्लान भी तैयार करना होगा। इसके अलावा उसे इस प्लान को अपने पोर्टल या वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इस अभियान का मकसद स्वास्थ्य के प्रति देश में लोगों को जागरूक करना है। इस अभियान को सरकार स्वच्छता अभियान की तर्ज़ पर आगे बढ़ाना चाहती है। गौरतलब है कि देश में हर साल हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।