Follow Us:

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग विधेयक के विरोध में डॉक्टरों की आज देशव्यापी हड़ताल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) विधेयक 2019 के खिलाफ देशभर के लगभग तीन लाख डॉक्टर आज से एक दिन के हड़ताल पर हैं। इंडियन मेडिकल असोसिएशन ने इस देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। ये हड़ताल सुबह 6 बजे से वीरवार सुबह 6 बजे तक जारी रहेगी। हड़ताल की वजह से ज्यादातर अस्पतालों की ओपीडी सेवाएं बंद रहेगी। बता दें कि यह बिल मेडिकल काउंसिल की जगह लेगा और इसमें कई बदलाव किए गए हैं, जिसका आइएमए विरोध कर रहा है।

देशव्यापी हड़ताल में लगभग 3 लाख डॉक्टर शामिल होंगे। ऐसे में हड़ताल के कारण मरीजों को मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है। आईएमए ने कहा कि हड़ताल के दौरान डॉक्टर ओपीडी सेवाएं नहीं देंगे, जबकि हर तरह की इमर्जेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।

असोसिएशन ने कहा है कि ये हड़ताल सरकार को बिल की खामियों के बारे में बताने के लिए किया जा रहा है। आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष शांतनु सेन ने बताया कि एनएमसी विधेयक को लेकर हम लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे हैं। पिछली बार जब सदन में विधेयक पेश हुआ था तब आईएमए के विरोध पर सरकार ने संशोधन का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में सरकार ने उन्हीं नियमों को लागू कर दिया। इस बिल से अब नीम-हकीम भी डॉक्टर बन जाएंगे।