Follow Us:

यूक्रेन ने भारत से मांगी मदद, पीएम मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग

डेस्क |

यूक्रेन में रूस का हमला लगातार जारी है और दोनों देशों की सेनाओं के बीच युद्ध चल रहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के आदेश के बाद यूक्रेन में धमाकों की गूंज सुनाई दे रही है। कई इलाकों में धमाके की खबर है। अब तक इन हमलों में 9 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस बीच यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलखा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है।

मीडिया से बातचीत करते हुए पोलखा ने महाभारत का हवाला दिया है और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात मदद मांगी है। पोलखा ने कहा कि भारत के संबंध रूस से अच्छे हैं। इसलिए पीएम मोदी से गुजारिश है कि वे रूस के साथ बात कर इस तबाही को रोक दें। भारत में यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि यूक्रेन की राजधानी के बाहरी इलाकों में कुछ हमले हुए हैं। कुछ हमले यूक्रेन के भीतरी क्षेत्र में भी हुए हैं। कई नागरिकों के घायल होने की खबरें सामने आ रही हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने कई हजार साल पहले कोटिल्य चाणक्य के जरिए कूटनीति में योग्यता हासिल की थी, जब यूरोप में कोई सभ्यता नहीं थी। भारत एक ताकतवर वैश्विक नेता है और कई सालों तक गुटनिरपेक्ष आंदोलन का नेता रह चुका है, जो कि कोल्ड वार के समय बनाया गया था। यूक्रेन के राजनयिक ने कहा कि फिलहाल हम भारत से राजनीतिक मदद की गुहार लगा रहे हैं। मोदी जी दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक हैं और रूस के साथ उनकी खास पार्टनरशिप है।