Follow Us:

उन्नाव रेप केसः दोषी MLA कुलदीप सेंगर की सजा पर दोपहर 2 बजे आएगा फैसला

समाचार फर्स्ट डेस्क |

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में उन्नाव रेप मामले में दोषी ठहराए गए विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा पर बहस के बाद जज ने आज दोपहर दो बजे सजा पर फैसला सुनाने की बात कही। इससे पहले सुनवाई शुरू होने पर जज ने कुलदीप सेंगर को लॉकअप से लाने को कहा। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहीं उनके बचाव पक्ष के वकील ने एक बार फिर दोहराया कि उन पर सभी की जिम्मेदारी है। कुलदीप सेंगर की दो बेटियां और पत्नी है इसलिए सजा देते समय इस बात का ख्याल रखा जाए।

इससे पहले 17 दिसंबर को इस मामले की हुई सुनवाई में सीबीआई ने सेंगर को अधिकतम सजा देने की मांग उठाई थी। साथ ही पीड़िता को उचित मुआवजा दिए जाने का आग्रह किया था। वहीं, बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट में कहा कि उनकी उम्र 54 साल है और उनका पूरा करियर देखा जाए तो साल 1988 से लेकर अबतक वो पब्लिक डीलिंग करते रहे हैं। उन्होंने हमेशा लोगों की सेवा की है। साथ ही वकील ने कहा था कि उनके खिलाफ यह पहला मामला है। उनकी दो बेटियां हैं जो शादी के लायक हैं ऐसे में उनको कम से कम सजा दी जानी चाहिए।

बता दें कि बीते सोमवार को कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दोषी ठहराया था। अदालत ने मामले में आरोपी बनाई गई शशि सिंह की भूमिका को संदेह के घेरे में रखा। शशि ‌सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने और उनकी इसमें सीधे तौर पर भूमिका स्पष्ट नहीं होने के चलते कोर्ट ने उन्हें संदेह का लाभ देते हुए मामले से बरी कर दिया था। कुलदीप सेंगर पर अभी तीन और मामले दिल्ली की विशेष सीबीआई कोर्ट में चल रहे हैं। अभी सेंगर को रेप के मामले में दोषी करार दिया गया है। साल  2017 में मामला सामने आने के बाद कुलदीप सेंगर को 14 अप्रैल, 2018 को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निष्काषित कर दिया था।