Follow Us:

उत्तर भारत में बढ़ने लगा पारा, बंगाल की खाड़ी में तूफान का खतरा

डेस्क |

मार्च के माह में ही गर्मी ने अपना तांडव दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों के तापमान में बढ़ोतरी हो चुकी है। राजस्थान में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है।

भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। आईएमडी के मुताबिक आज से देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी के संकेत हैं।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात!

वहीं साल का पहला चक्रवात असानी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह चक्रवात अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ेगा और 22 मार्च को बांग्लादेश-उत्तरी म्यांमार के तटों पर पहुंचेगा। इसके मद्देनजर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के प्रशासन ने मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

प्रशासन ने मछुआरों को 22 मार्च तक समुद्र के पास न जाने की अपील की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह प्रशासन ने फोरशोर सेक्टर (पोर्ट ब्लेयर और आसपास के द्वीपों के बीच की सेवाएं) में जहाजों की निर्धारित नौकायन को रद किया है और यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर – 1-800-345-2714 जारी किया है।

असानी तूफान को लेकर अलर्ट जारी

आईएमडी ने कहा है कि मौजूदा निम्न दबाव का क्षेत्र पूर्व-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके 21 मार्च को चक्रवातीय तूफान में बदलने की प्रबल आशंका है जो 22 मार्च को उत्तर और उत्तर पूर्व की दिशाओं की ओर बढ़ेगा। अगर यह चक्रवात तूफान का रूप ले लेता है तो इसका नाम असानी होगा। नियमों के मुताबिक इस चक्रवातीय तूफान का असानी नाम श्रीलंका ने दिया है।

इन राज्यों में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 20 मार्च को वेस्टर्न हिमालयन क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसके साथ ही कही-कहीं ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है। दूसरी ओर केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, रॉयलसीमा में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश की संभावना है।