Follow Us:

पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल, ईलाज और शिक्षा होगी निशुल्क- AAP नेता का दावा

डेस्क |

पंजाब में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद AAP ने हिमाचल में एंट्री का पूरा मन बना लिया है। इसी के चलते पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में इस साल के आख़िर में होने वाले चुनावों में सभी सीटों पर एक बार फ़िर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। यहां तक कि हिमाचल में इस वक़्त चल रहे ज्वलंत मुद्दों पर आप ने अपनी प्रतिक्रिया और कई वायदे भी करना शुरू कर दिए हैं।

दरअसल, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शिमला में कहा कि आप सभी सीटों पर हिमाचल में चुनाव लड़ेगी। पार्टी हिमाचल में सत्ता में आते ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेगी। दिल्ली की तर्ज पर बिजली-पानी के साथ स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा निशुल्क दी जाएगी। सत्येंद्र जैन ने कहा कि पंजाब में पार्टी के कार्यों की जीत हुई है। किसी चेहरे या परिवार की जीत नहीं है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली मॉडल को जीत मिली है।

पार्टी हिमाचल के विधानसभा चुनाव तक पंजाब में जो बेहतर काम करेगी, इसे भी प्रदेश के लोग देख सकेंगे। पार्टी ने पंजाब में 117 में से 92 सीटें जीती हैं। हिमाचल के सभी विधानसभा हलकों में संगठन बना दिया है। अगले चुनाव तक विस्तार किया जाएगा। अबकी बार जनता आम आदमी को चुनेगी, हिमाचल के लोग खास से परेशान हो गए हैं। नगर निगम शिमला के चुनाव के लिए भी पार्टी तैयार है। सुविधाएं निशुल्क देने के लिए आम जनता के ही टैक्स के पैसे इस्तेमाल होते हैं। यह जनता का हक है।

आप में ही है भाजपा को हराने का दम

सत्येंद्र जैन ने कहा कि वह कांग्रेस को प्रदेश में चुनौती नहीं मानते, सीधी टक्कर भाजपा से होगी। भाजपा को कांग्रेस नहीं हरा सकती है। भाजपा को हराने का मंत्र आम आदमी पार्टी के पास है। दिल्ली में तीन बार किया है, अब पूरे देश में करेंगे।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने शिमला में पार्टी कार्यालय खलीनी से छोटा शिमला तक रोड शो किया। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित लोग शामिल हुए। पार्टी कार्यालय शिमला में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम शिमला के पूर्व पार्षद गौरव शर्मा और विधानसभा चुनाव में धर्मशाला से बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़ चुके राकेश चौधरी आप में शामिल हो गए। राकेश चौधरी ने करीब 16 हजार वोट हासिल किए थे।