Follow Us:

कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और आरोग्य सेतु ऐप अति आवश्यक : धूमल

नवनीत बत्ता |

हमीरपुर में बुधवार को देर शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला भाजपा की बैठक हुई। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंस में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जंबाल ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस बैठक में विधायक नरेंद्र ठाकुर और कमलेश कुमारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ज़िला हमीरपुर से प्रदेश के सभी पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, पांचों मण्डलों के अध्यक्ष और जिला के पदाधिकारियों समेत लगभग 65 लोगों ने इस बैठक में भाग लिया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. धूमल ने कहा कि पूरे विश्व में फैली हुई कोविड 19 कि महामारी के संकट के समय में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर बहुत ही ज़रूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को आरोग्य सेतु ऐप्प डाऊनलोड कर उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि फसल कटाई का समय है ऐसे किसान मास्क की जगह गमछे का उपयोग भी खेतों में काम करते समय कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सजग और सचेत रहने को कहा।

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की गतिविधियों की समय पर रिपोर्टिंग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हमीरपुर ने लॉक डाउन में सभी नियमों को अपनाया है और अनुशासन में सब लोग रहे हैं तभी इस महामारी के फैलने से हमीरपुर बचा हुआ है। आगे भी सरकार के निर्देशों का सब पालन करें।