Follow Us:

अनिल शर्मा ने जताया CM का आभार, पंडित सुखराम की तबीयत में है सुधार

बीरबल |

बीरबल कुमार। पूर्व मंत्री अनिल शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। अनिल शर्मा ने कहा कि अब पंडित सुखराम की हालत में सुधार हो रहा है। ब्रेन स्ट्रोक के बाद अब डॉक्टरों ने आपरेशन के बजाय दवाओं से ही इलाज करने की बात की है। बीती 4 मई की रात को पंडित सुखराम को मनाली में ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उन्हें मंडी लाया गया और यहां से हेलिकॉप्टर के माध्यम से दिल्ली ले जाया गया।

उनके बेटे सदर के विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि दिल्ली स्थित एम्स में पंडित सुखराम का उपचार चल रहा है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। अभी पंडित सुखराम को आईसीयू में रखा गया है, लेकिन वहां पर वो बीना किसी लाईफ स्पोर्ट के रह रहे हैं। उनका ऑक्सीजन लेबल और अन्य शारीरिक क्रियाएं पूरी तरह से सामान्य हैं। डॉक्टरों ने बताया है कि ब्रेन स्ट्रोक के कारण जो नुक्सान होना था वे हो चुका है, उसके बाद कोई और नुक्सान नहीं हुआ है।

इस अवस्था में किसी भी प्रकार का ऑपरेशन तो संभव नहीं लेकिन डॉक्टरों ने दवाईयों के माध्यम से बेहतर उपचार की बात कही है। अनिल शर्मा ने कहा कि डॉक्टर भी इस बात को मान रहे हैं कि 95 वर्ष की उम्र में भी पंडित जी की विलपावर बहुत ज्यादा मजबूत है। हमारे परिवार पर जो विपदा आई और इस विपदा में सीएम जयराम ठाकुर, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और सरकार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने जो मदद की है, उसे हमारा परिवार कभी नहीं भूल सकता।