Follow Us:

अनुराग ने AAP से पूछा, ‘जो 8 साल तक ठीक थे वह BJP में आते ही आधे घंटें में कैसे गलत हो गए’

पी.चंद |

आम आदमी पार्टी हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, संगठन महासचिव सतीश ठाकुर और ऊना अध्यक्ष इकबाल सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद से हिमाचल की सियासत गरमा गई है। इससे जहां AAP की हिमाचल में सत्ता पाने की उम्मीदों को झटका लगा तो वहीं भाजपा इससे गदगद है। आप नेताओं के भाजपा में शामिल होने की गूंज दिल्ली से हिमाचल के सियासी हलकों में ख़ूब गूंजी।

शिमला में रोड़ शो करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी मंच से AAP के नेताओं का भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया। जब आप के बड़े नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया तो दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर ये जानकारी दी कि अनूप केसरी पर महिलाओं से छेड़छाड़ का शिकायतें हैं इसलिए पार्टी उनको निकालने वाली थी। इससे पहले ही भाजपा ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।

मनीष सीसोदिया के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने AAP से पूछा कि जो लोग 8 साल तक AAP में सही थे वह आधे घंटे में गलत कैसे हो गए। जब केजरीवाल और भगवंत मान मंडी रैली में आए तो रोड़ शो के दौरान इन्होंने हिमाचल के नेताओं को अपने साथ जगह नहीं दी जिससे वह नाराज़ चल रहे थे। AAP ने हिमाचल के लोगों का अपमान किया। आप में अनदेखी की वजह से वह भाजपा में शामिल हुए हैं। BJP पार्टी में आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान करती है। क्योंकि BJP कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने कहा की अन्य दलों के कई बड़े नेता भी BJP में शामिल हो सकते हैं।