Follow Us:

अनुराग ने उपचुनावों में भाजपा की जीत का किया दावा, कांग्रेस पर भी बोला हमला

जसबीर कुमार |

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह जिला हमीरपुर पहुंचे हैं। यहां मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने उपचुनावों में पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि चारों सीटों पर भाजपा पहले से ज्यादा मतों से जीत दर्ज करगी। जनता भाजपा सरकार की नीतियों को स्वीकारते हुए उपचुनाव में बढ़त दिलाएगी। उन्होंने कहा कि रविवार को होने वाली चुनाव समिति की बैठक उम्मीदवारों के नाम तय कर हाईकमान के पास भेजे जाएंगे। हाईकमान से मंजूरी मिलने मिलते ही नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

कांग्रेस पर बोला हमला

कांग्रेस द्वारा स्वच्छता अभियान पर किए गए ट्वीट पर पलटवार करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी की आत्मा भी इस तरह के बयानों को सुनकर दुखी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाई है। कांग्रेस के समय पर भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। अब इस कांग्रेस पार्टी को तय करना होगा गंदगी साफ करने वाले बनेंगे या फिर गंदगी फैलाने वाले। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार में महंगाई दो डिजीट में थी और कांग्रेसियों को अपना कार्यकाल याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय महंगाई की दर पांच प्रतिशत से कम ही रही है।

वहीं, राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को देश में बनी हुई वैक्सीन पर भरोसा नहीं है। लेकिन राहुल गांधी ने वैक्सीन लगवाई भी है या नहीं, इस पर भी संशय बरकरार है।

इससे पहले अनुराग ठाकुर ने आज सुजानपुर में प्रयास संस्था के सहयोग से लगाए गए रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गांधी जयंती पर चलाए गए स्वच्छता अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।