Follow Us:

अनुराग बोले- AAP सरकार में भ्रष्टाचार और अपराध का हो रहा बोलबाला, कांग्रेस को भी घेरा

हमीरपुर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल का झूठ…

जसबीर कुमार |

हमीरपुर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस पर निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल का झूठ अब जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और उनके मंत्री सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं। उन्होंने पूछा की आखिर अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्ट लोगों को मंत्री क्यों बनाया है। इसका केजरीवाल को जवाब देना होगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां-जहां AAP की सरकार है वहां-वहां भ्रष्टाचार का बोलबाला होता है और कानून व्यवस्था चरमरा जाती है। पंजाब में सरकार बनने के दो महीने के भीतर ही भ्रष्टाचार के आरोप में एक मंत्री को निकालना पड़ा है। खालिस्तानी स्मर्थित लोग अपनी बातों को रख रहे हैं। पंजाब में दिन दहाड़े प्रसिद्ध गायक की हत्या कर दी जाती है।

वहीं, शिमला में 8 साल के जश्न पर कांग्रेस की बयानबाजी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी ने पिछले चार सालों में हिमाचल की सेवा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा देने का काम भाजपा की सरकार ने किया है और यह दर्जा कांग्रेस सरकारों ने छीना था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने संगठन और पार्टी की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस के बड़े नेता देश में कम और विदेशों में ज्यादा नजर आते हैं। कांग्रेस लगातार एक के बाद एक दूसरा राज्य हारती जा रही है। अभी हाल ही में पंजाब में बहुत से कांग्रेस नेता पार्टी को छोड़कर बीजेपी में ज्वाइन हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह तो अभी शुरूआत है और भी कांग्रेस के बड़े नेताओं की लंबी कतार लगी है भाजपा में आने के लिए।

विधासनभा चुनावों के लिए टिकट आवंटन को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कौन चुनाव जीत सकता है और कौन टिकट के लिए सशक्त है ये फैसला पार्टी हाइकमान का है। पार्टी के द्वारा जीतने वाले उम्मीदवारों का चयन शीर्ष नेतृत्व का होता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की स्थानीय परिस्थितियों को देखकर विचार विमर्श करके ही टिकट के लिए उम्मीदवार का नाम फाइनल होता है।