Follow Us:

कांगड़ा प्रकरण की जांच होती, तो नहीं होता गुड़िया कांड: अनुराग

समाचार फर्स्ट डेस्क |

सांसद अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। अनुराग ने कहा कि कांग्रेस के राज में हिमाचल में भय का माहौल है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुड़िया कांड प्रदेश पर एक ऐसा धब्बा है, जो कभी धुल नहीं सकता। अगर सरकार जिला कांगड़ा में हुए प्रकरण में सही ढंग से जांच करती, तो आज गुड़िया हमारे बीच में खड़ी होती। महिला सुरक्षा के प्रति वीरभद्र सरकार असंवेदनशील है।

अनुराग ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने भ्रष्टाचार से जुड़े मामले को दबाने में लगे हैं और बलात्कार-हत्या को छोटी-मोटी घटना कहते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से आईपीसी में इससे बड़ा संगीन जुर्म कोई नहीं है, मगर मुख्यमंत्री इसे यदि आम बात बताते हैं, तो वह बताएं कि उनके हिसाब से बड़े अपराध क्या हैं।

पुलिस जेल में औऱ मुख्यमंत्री बेल पर: निरंजन ज्योति

महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रदेश में जिन लोगों पर क़ानून, महिला सुरक्षा की ज़िम्मेदारी थी, वो पूरे 5 साल क़ानून की धजियां उड़ाने में लगे रहे। कांग्रेस के कार्यकाल में हिमाचल भारत का ऐसा पहला प्रदेश बन गया है, जहां पुलिस जेल और मुख्यमंत्री बेल पर हैं। अब वक़्त आ गया है कि महिलाओं के सम्मान के लिए महिलाएं खुद आवाज़ बुलंद करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल में महिलाओं को उनका खोया गौरव वापस दिलाना है, तो एक बार फिर हिमाचल में कमल खिलाना होगा।