Follow Us:

पंजाब में भगवंत मान होंगे ‘आप’ का सीएम फेस, अरविंद केजरीवाल का ऐलान

डेस्क |

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भगवंत मान को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी का सीएम फेस कौन होगा, इसे लेकर राय ली थी। इस फीडबैक के आधार पर 22 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय दी है और पहली पसंद भगवंत मान को बताया।

पंजाब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जब भगवंत मान का नाम लिया तो जमकर ढोल बजे। भगवंत मान से लेकर उनके कई समर्थक भावुक हो गए।

भगवंत मान 2014 से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सदस्य हैं। मई 2014 में भगवंत मान पंजाब के संगरूर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। उसके बाद वह 17वीं विधानसभा में दूसरी बार फिर से संगरूर लोकसभा सीट से सांसद बने।

भगवंत मान के घर का नाम जुगनू है। वह फेमस पंजाबी कॉमेडियन भी रह चुके हैं। भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को भारत में पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था। उन्होंने पंजाब के संगरूर में स्थित एसयूएस कॉलेज से बीकॉम किया है।

भगवंत मान की उनकी शादी इंद्रप्रीत कौर से हुई थी हालांकि 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों के दो बच्चे हैं। एक इंटरव्यू में भगवंत मान ने खुद बताया था कि वह राजनीति के चक्कर में अपने परिवार को समय नहीं दे पाते थे इसलिए उनकी पत्नी और वह सहमति से अलग हो गए।

भगवंत मान ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत मनप्रीत सिंह बादल की पार्टी पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी। वह 2012 में लहरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए। बाद में मनप्रीत कांग्रेस में शामिल हो गए और भगवंत मान आम आदमी पार्टी में आ गए।