Follow Us:

भाजपा करती है भाषण और शोषण की राजनीति: कृष्णा अल्लावरू

बीरबल शर्मा |

मंडी में युवा कांग्रेस के 'हम में है राजीव' सम्मेलन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि भाजपा देश में भाषण और शोषण की राजनीति कर रही है। जबकि इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी सदैव शासन की राजनीति कर लोगों को राहत प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि भारत रत्तन स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में जाने जाते हैं। विशेष कर सूचना क्रांति और युवाओं और महिलाओं को वोट का अधिकार और पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण राजीव गांधी की देन है। उसी प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हिमाचल प्रदेश में कोविड प्रभावित लोगों का उपचार हो पाया तो निचले स्तर तक स्वास्थ्य का ढांचा वीरभद्र सिंह की देन है।

कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष और शासन का रहा है। जबकि भाजपा महज भाषण और शोषण की राजनीति कर रही है। कभी अच्छे दिन आने का वादा, कभी हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया गया। इसके विपरीत पैट्रेाल-डीजल, रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब से पैसा निकाल कर अपनी तिजोरी भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रसोई गैस का सिलेंडर चार सौ से बढक़र एक हजार रूपए तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने 22 लाख करोड़ रूपए अपनी तिजोरी में डाला है। गृहणियों की सबसिडी चौकीदार खा गया। देश में आज जितनी बेरोजगारी है इतनी पिछले 70 सालों में नहीं देखी।