Follow Us:

चुनावों के लिए BJP पूरी तरह तैयार, इस बार रिवाज बदलते हुए करेंगे मिशन रिपीट: सुरेश कश्यप

हमीरपुर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूर्ण रूप से तैयार है…

जसबीर कुमार |

हमीरपुर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। हिमाचल की जनता भाजपा के साथ है और इस बार तथाकथित रिवाज को बदलते हुए भाजपा चार राज्यों में मिशन रिपीट की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी अपने मिशन रिपीट के लक्ष्य को प्राप्त करेगी और एक बार फिर हिमाचल में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।

सुरेश कश्यप ने कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़े राजनीतिक दल BJP के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है। आज देश में 1375 विधायक, 302 लोकसभा सदस्य 100 राज्यसभा के सांसद भाजपा के हैं। 157 एमएलसी और पंचायती व नगर निकायों में सबसे ज्यादा जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत संगठन स्थापित करने में सफल हुआ है। ग्राम केन्द्र प्रमुखों, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए के सम्मेलनों में केन्द्रीय नेता आ रहे हैं। लगातार भाजपा विभिन्न स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। संगठन मजबूती से कार्य कर रहा है। वहीं केन्द्र सरकार की योजनाओं और पीएम मोदी के हिमाचल से स्नेह के कारण हिमाचल को करोड़ों की योजनाओं का लाभ मिला है। केन्द्र सरकार द्वारा हिमाचल को सशक्त प्रदेश बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल के आम जनमानस को लाभ पहुंचाया जा रहा है। आज कोरोना के टीकाकरण अभियान में हिमाचल प्रदेश अव्वल रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन से गरीब लोगों खासकर महिलाओं में खुशी की लहर है। हिमाचल का सौभाग्य है कि डबल इंजन होने से विकास की गति कई गुना बढ़ गई है। जहां नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार का लाभ मिल रहा है, वहीं जेपी नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का लाभ भी हिमाचल को मिल रहा है। केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का केन्द्र सरकार में महत्वपूर्ण स्थान होने का लाभ भी हिमाचल को मिल रहा है।