Follow Us:

NH निर्माण को लेकर BJP प्रदेश की जनता को कर रही गुमराह : राठौर

पी. चंद, शिमला |

प्रदेश कांग्रेस ने जयराम सरकार पर राष्ट्रीय राजमार्गों की खस्ता हालत को लेकर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रदेश में नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण को लेकर लोगों को ग़ुमराह करती आई है। प्रदेश में लोकसभा चुनावों के दौरान भी बीजेपी नेताओं ने इसे अपनी एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए झूठे आंकड़े पेश किए जब कि धरातल में आज दिन तक इस में रति भर भी काम नहीं हुआ है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय में सरकार के हलफनामे से साफ है कि प्रदेश में बनने वाले 69 राजमार्गों की अभी पूरी तरह डीपीआर भी नही बनी है। हैरानी यह भी है कि अब इस के निर्माण के लिये नई नीति बनाने की बात कही जा रही है, जबकि इन की डीपीआर बनाने में हीअब तक 24 करोड़ खर्च कर दिए है।  उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ साथ उच्च मार्गो की दयनीय स्थिति से यहां आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ प्रदेश के लोग भी परेशान हैं। खस्ता हालत सड़कों की मुरम्मत की और प्रदेश सरकार का कोई ध्यान ही नहीं है। धीमी गति से बन रहे शिमला कालका फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग लोगों की परेशानी का कारण बना है।

राठौर ने कहा है कि कुछ ही दिनों में बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। प्रदेश के राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्गो की खस्ता हालत और भी चिंता का विषय है। प्रदेश में सेब सीजन से पहले सड़कों की खस्ता हालत से किसान बागवान भी चिंतत होने लगे है।  उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह बरसात के मौसम से पहले सड़कों की दशा को सुधारें और पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्गों के नाम पर बोले गये झूठ के लिये प्रदेश के लोगों से सार्बजनिक तौर पर माफ़ी मांगे।