Follow Us:

मंडी में एक बार फिर होगी BJP की जीत, मैदान छोड़ भाग रहे कांग्रेस नेता: CM

बीरबल शर्मा |

प्रदेश में उपचुनाव की घोषणा होते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद फील्ड पर डट गए हैं। अपने दो दिवसीय सराज प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने एक के बाद एक कई जनसभाएं की और लोगों से लोकसभा उपचुनाव में पार्टी के लिए सहयोग मांगा। अपने सराज प्रवास के दुसरे दिन मुख्यमंत्री बगस्याड़ में आयोजित एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र के चैलचोक और बग्गी में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की। बग्गी में उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस उपचुनाव में मण्डी में भाजपा एक बार फिर से विजयी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 20 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने जा रहे हैं और सभी जगह लोगों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हमारी सरकार के इन चार वर्षों में जो एक समान विकास हुआ है उससे भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है और 2019 के लोकसभा चुनाव से भी अधिक उत्साह जनता में इस बार दिख रहा है। कांग्रेस के नेता एक के बाद एक मैदान छोड़ भाग रहे हैं। मंडी के एक नेता तो सिर्फ प्रेसवार्ताएं कर खुद को राजनीति में जिंदा रखने की जुगत भिड़ा रहे हैं। इनकी पार्टी ही इन्हें सीरियस नहीं लेती है।

उन्होंने कहा कि मुझे सामान्य परिस्थिति में काम करने का मौका नहीं मिला। पहले 2 उपचुनाव हुए और दोनों हमने जीते। फिर पंचायतों के चुनाव हुए उसमें भी हमारे जनप्रतिनिधि अधिक जीते। हालही में स्थानीय निकाय चुनाव हुए और उसमें भी भाजपा को भारी सफलता मिली। पिछले लोकसभा चुनाव में इतनी बढ़त आज से पहले कभी नहीं मिली और इतिहास में पहली बार 68 विस क्षेत्रों में लीड भाजपा को मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी मंडी सीट से कभी 6 बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह कुल 4 लाख तक ही वोट हासिल कर पाते थे। लेकिन हमारे सांसद रामस्वरूप शर्मा 4 लाख 5 हजार वोटों से जीते। इसका कारण था मंडी को पहली बार मान सम्मान मुख्यमंत्री के रूप में मिला है। इस स्वाभिमान को बनाए रखने के लिए हमें फिर सरकार को सता में लाकर इतिहास कायम करना है। पिछली बार लोकसभा चुनाव में सराज ने 35 हजार की लीड दिलाई थी, इस बार 40 हजार की लीड चाहिए।