Follow Us:

BJP की नीतियों की हुई हार, राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र की जीत : सुक्खू

पी. चंद, शिमला |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में लोकतंत्र जीता है, और बीजेपी की दमनकारी नीतियों की हार हुई है। बीजेपी राज में लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे थे जिन्हें देखते हुए जनता आगे आई और कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। इससे साबित हो गया है कि कांग्रेस जनहितैषी पार्टी है। राहुल गांधी की सोच और कांग्रेस की नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई है।

सुक्खू ने कहा कि तीन बड़े राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में बीजेपी की हार ने ये साबित कर दिया है कि देश में अब मोदी लहर खत्म हो चुकी है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और बीजेपी के जुमलों से तंग है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में भी सरकार बनाएगी और बीजेपी का सूपड़ा साफ होना तय है।

हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस की जीत से कार्यकताओं का उत्साह बढ़ा है। अब वे और जोश के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सैंकडो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगारों के साथ मिठाई बांटकर जीत जाहिर की।